India
This article was added by the user . TheWorldNews is not responsible for the content of the platform.

Prophet Remarks Row: पूरे यूपी में थी दंगे कराने की साजिश; दूसरे दिन भी चला बुलडोजर, बंगाल में चौथे दिन भी जारी रहा उपद्रव

नई दिल्ली [जागरण न्‍यूज नेटवर्क]। कानपुर और उसके बाद प्रयागराज में पत्थरबाजों की हरकत के पीछे राष्ट्र विरोधी हिंसा का सुनियोजित षड्यंत्र था। अब इसके पीछे की परतें खुल रही हैं तो बुलडोजर भी गरजने लगा है। पुलिस जांच में पता चला है कि इसके लिए तीन दिन से युवाओं को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सड़कों पर उतरने के लिए उकसाया जा रहा था। इसके लिए यू-ट्यूब व वाट्सएप ग्रुप पर वीडियो भेजे गए। पूरे उत्तर प्रदेश में दंगे कराने का षड्यंत्र था। इसका राजफाश शनिवार रात सहारनपुर में नगर कोतवाली क्षेत्र से पकड़े गए बवालियों ने किया।

वाट्सएप ग्रुप पर भेजा गया था वीडियो लिंक

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें वाट्सएप ग्रुप पर एक वीडियो का लिंक भेजा गया था। उसे देखा तो एक व्यक्ति जो खुद को मौलवी बता रहा था, वह युवाओं को वीडियो के जरिए भड़का रहा था। वीडियो देखने के बाद ही उन्होंने सड़कों पर उतर कर बवाल किया था। सहारनपुर के एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि आरोपितों की पहचान होते ही पुलिस उसके घर पर बुलडोजर चलाएगी और संपत्ति कुर्क करेगी।

जावेद पंप के मकान पर चला बुलडोजर

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्ती के स्पष्ट संकेत के बाद प्रदेश में उपद्रवियों पर कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में रविवार को प्रयागराज में मुख्य आरोपित जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप के अवैध बने दोमंजिला मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।

झारखंड में कार्रवाई की रफ्तार सुस्त

वहीं, झारखंड की राजधानी रांची में उपद्रव को लेकर पुलिस ने नामजद समेत कई अज्ञात पर मुकदमा किया है, लेकिन कार्रवाई की रफ्तार सुस्त है। अभी तक इस मामले में एक भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। बाहर से आए संदिग्ध लोगों का भी पुलिस कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई है। रांची में मारे गए उपद्रवियों के लिए कांग्रेस विधायक इरफान ने 50 लाख रुपये और नौकरी की मांग की है। इस पर राज्य में सियासत गर्मा गई है। भाजपा ने इसका विरोध किया है, तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस पर संयम बरतने को कहा है।

जमकर की तोड़फोड़

रविवार शाम ही बंगाल के नदिया जिले में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बेथुआडहारी स्टेशन पर अचानक स्टेशन पर हमला बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। स्टेशन पर खड़ी राणाघाट-लालगोला लोकल ट्रेन को भी निशाना बनाया। बता दें, शुक्रवार को देश के कई जिलों में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पैगंबर मुहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणी के लिए पार्टी से निलंबित की गईं भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान के विरोध में उपद्रव और पत्थरबाजी की थी।

जावेद पंप की बेटी का शरजील इमाम से कनेक्शन

जावेद पंप की बेटी आफरीन का दिल्ली हिंसा के मुख्य आरोपित शरजील इमाम से भी कनेक्शन सामने आया है। पुलिस प्रयागराज के बवाल में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। जेएनयू की पूर्व छात्रा आफरीन ने आतंकी अफजल गुरु के पक्ष में कई विवादित टिप्पणी की थी। रविवार को उसने वीडियो जारी कर मकान के ध्वस्तीकरण को गलत बताया और कहा कि सरकार मुस्लिमों के साथ ज्यादती कर रही है।

उपद्रवियों से होगी नुकसान की होगी भरपाई

प्रयागराज में उपद्रवियों ने करीब 13 लाख रुपये का नुकसान किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से कराई जाएगी। 313 ऐसे मकानों को बिजली विभाग ने चिह्नित किया है, इनके गृहस्वामियों ने बिजली का बिल जमा नहीं किया है। अब कनेक्शन काटने की तैयारी है।

अब तक 400 से ज्यादा गिरफ्तार

रविवार तक उप्र के आठ जिलों से 316 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हिंसा में 13 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बंगाल के मुर्शिदाबाद और हावड़ा में अब तक 106 को गिरफ्तार किया जा चुका है। दिल्ली में जामा मस्जिद पर विरोध-प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने रविवार को दो प्रदर्शनकारियों मुहम्मद नदीम (43) और फहीम (37) को गिरफ्तार किया।

किसने क्या कहा

  • हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रश्न खड़े किए। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताया। अखिलेश के इस ट्वीट के जवाब में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को पत्थरबाजों में ही नहीं, आतंकियों में भी शांतिदूत नजर आते हैं।
  • समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने कहा कि हुजूर की शान में गुस्ताखी करने वाले बदनसीब हैं। उन्हें उनके हाल पर छोड़ दो। तानाशाही किसी की नहीं रही। हमने बाबरी मस्जिद को लेकर अभियान चलवाया, लेकिन किसी हिंदू देवी-देवता के खिलाफ कभी नहीं बोले। अगर कोई साबित कर दे तो हम रामपुर छोड़ दंगे।
  • मेरठ में रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को हिंदू साम्राज्य दिवस समारोह में आगाह किया कि अगर एकजुटता गई तो फिर कोई बाबर आ जाएगा। आपकी अयोध्या-काशी खतरे में पड़ेगी।

भद्रवाह-किश्तवाड़ में कर्फ्यू में सख्ती बढ़ी

जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिलों में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इसके चलते डोडा जिले के भद्रवाह और किश्तवाड़ जिले में रविवार को लगातार चौथे दिन भी सख्ती के साथ क‌र्फ्यू जारी रहा। अफवाहों पर विराम लगाने के लिए इंटरनेट, ब्रांड बैंड और फाइबर सेवा पूरी तरह से बंद है। वहीं पुलिस ने मस्जिद में भड़काऊ बयानबाजी पर आदिल गफूर गनी को गिरफ्तार कर लिया है।